ट्रक चालकों ने बाइक चालक से की मारपीट, ग्रामीणों ने लगाया जाम
शराब फैक्टरी में आ रहे ट्रक चालक को खुले रास्ते से ओवरटेक करने की बात कही थी बाइक चालक जगरूप ने
ग्रामीणों ने शराब फैक्टरी के आगे दिया धरना, की नारेबाजी
पुलिस ने दो चालकों को हिरासत में लिया तो उठाया धरना
मारपीट का शिकार युवक अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
बनूड़/लांडरां। बनूड़ की शराब फैक्टरी में धान का भूसा लेकर आती गाड़ियों के चालकों ने वीरवार सुबह गांव नडियाली के एक बाइक चालक की से मारपीट कर दी। जानकारी पाकर बड़ी संख्या में गांव वासी ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार होकर शराब फैक्टरी आगे इकट्ठा हो गए और जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने धरना देते हुए शराब फैक्टरी की मैनेजमेंट के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। बाइक चालक जगरूप सिंह को बनूड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है।
जगरूप सिंह ने बताया कि सुबह करीब दस बजे वह अपने गांव से बनूड़ आ रहा था। इस दौरान बनूड़ की सीमा में बाजीगर कालोनी के नजदीक शराब फैक्टरी में भूसा लेकर आ रहा एक ओवरलोड ट्रक एक ट्राली को ओवरटेक कर रहा था। उसने अपनी बाइक सड़क से कच्चे में उतारकर खड़ी कर दी परंतु सड़क तंग होने के बावजूद ओवरटेक कर रहे ट्रक से उसने अपना व बाइक का मुश्किल से बचाव किया। जगरूप ने बताया कि जब उसने ट्रक चालक को टोका और खुले रास्ते से ओवरटेक करने की बात कही तो ट्रक चालक ने रॉड निकाल ली। इसी दौरान पीछे से आ रहे उसके सहयोगी गाड़ियों के चालकों ने उसको बुरी तरह पीट दिया। उसने शोर मचाया तो गांव का युवक भरपूर सिंह मौके पर पहुंचा और राहगीरों की मदद से उसे चालकों से छुड़ाया और अस्पताल में भर्ती करवाया। मारपीट में जगरूप के नाक, आंख और शरीर के सभी हिस्सों पर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी गांव में पता चली तो भूपिंदर सिंह, आप नेता नरदेव सिंह, बसपा नेता दर्शन सिंह, गुरमीत सिंह, हरभजन सिंह की अगवाई में गांव वासियों ने शराब फैक्टरी के आगे जाम लगा दिया और नारेबाजी की। गांववासी मांग कर रहे थे कि गुंडागर्दी करने वाले चालकों को उनके हवाले किया जाए। दो घंटे धरना और जाम लगने के बाद मौके पर पहुंची बनूड़ पुलिस ने दो ट्रक चालकों को अपनी हिरासत में ले लिया जिसके बाद गांव वासियों ने धरना उठाया।
मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
जांच अधिकारी और थाना बनूड़ के एएसआई बलकार सिंह ने बताया कि मारपीट करने वाले चालक पुलिस की हिरासत में हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित के ब्यान ले लिए हैं। घायल का एक्सरा होने हैं जिनकी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
फोटों कैप्शन- शराब फैक्टरी बनूड़ के आगे जाम लगाकर नारेबाजी करते नडियाली के ग्रामीण।