मोहाली। मुल्लांपुर में अवैध कब्जे हटाने गई गमाडा की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गमाडा के अधिकारियों की शिकायत पर कृष्ण कुमार मल्होत्रा, उसकी पत्नी बाला मल्होत्रा और कुछ अज्ञात लोगों पर मारपीट, सरकारी काम में रुकावट डालने समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
गमाडा के एसडीओ हरमिंदर ने पुलिस को शिकायत दी कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने मुल्लांपुर गरीबदास में अवैध रूप से दुकानें व शोरूम बनाए हैं। गमाडा की टीम शुक्रवार को अवैध निर्माण गिराने गई तो कुछ लोगों ने पहले तो विरोध किया और फिर हाथापाई करने लगे। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने टीम पर पथराव भी किया। उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। इसके बाद टीम ने पुलिस और गमाडा के उच्च अधिकारियों को सूचना दी। मामले को मंत्री के ध्यान में भी लाया गया, जिसके बाद अब पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पहले जंगलात विभाग के मुलाजिमों पर हुआ था हमला
गत वर्ष मुल्लांपुर में जंगलात विभाग के अधिकारियों व मुलाजिमों पर खनन माफिया ने उस समय हमला कर दिया था, जब उक्त लोगों को उन्होंने रोकने की कोशिश की थी। इस दौरान विभाग के एक सीनियर अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह कई दिन तक कोमा में रहे थे। यह मामला राजनीतिक रंग भी ले गया था। वहीं, सरकार भी मुलाजिमों से मारपीट व इस तरह की घटनाओं को लेकर काफी गंभीर हो गई थी।