नौ दिन बाद बच्चे के अगवा होने की शिकायत दर्ज
दोस्तों के साथ खेलनेगया सिमरन 26 जुलाई की शाम घग्गर में बह गया था
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी। गांव ककराली के नजदीक घग्गर में नौ दिन पहले बहे 11 वर्षीय बच्चे का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने उसके अगवा होने का केस दर्ज किया है। मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज भिंदर सिंह खंगूड़ा ने बताया कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न लगने पर बच्चे के पिता अमरजीत सिंह ने अपने बेटे के अगवा होने का शक जताया है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर धारा 363 के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई की शाम सिमरनजीत सिंह अपने दोस्तों के साथ खेलने गया था। कुछ देर बाद उसके दोस्तों ने उसकी मां को बताया कि पैर फिसलने के कारण सिमरन पानी में बह गया। उस समय उसकी मां ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया । शाम तक सिमरन के वापस न आने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नही चला। उसके बाद सिमरन के पानी में बहने का पता लगा था। बारिश का मौसम होने के कारण इन दिनों में घग्गर में पानी अधिक होने के कारण उसको तलाश पाना संभव नहीं था। कुछ दिन बाद घग्गर में पानी कम होने का इंतजार किया गया, लेकिन फिर बारिश होने से पानी बढ़ गया और सिमरन का कोई सुराग नहीं लग पाया।
गांव वासियों ने बताया की उनके गांव में रहने वाली एक औरत ने सिमरन के परिवार को भ्रम में डालते हुए कहा कि उनके बेटे को किसी ने अगवा कर मुबारिकपुर स्थित एक घर में रखा हुआ है, जबकि वह औरत उस घर के बारे कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे रही। इस कारण उसकी मां अपने बेटे के अगवा होने का आरोप लगा रही है।