युवकों ने एटीएम कार्ड बदल निकाले डेढ़ लाख रुपये
सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद, पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से डेढ़ लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। वहीं आरोपियों की यह करतूत एटीएम केबिन में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है। साथ ही पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीरमुछल्ला के डीएस एस्टेट में रहने वाली सोनी राणा (मूल निवासी सहारनपुर, यूपी) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि गत एक फरवरी को वह बड़ी बहन हिना के साथ पटियाला रोड स्थित पीएनबी की शाखा के एटीएम से पैसे निकालने गई थी। इस दौरान उसने 25 हजार रुपये निकाले थे। शिकायत के अनुसार, पैसे मिलने के बाद वह उसे गिनने लगी। इस दौरान केबिन के पास खड़े दो युवक वहां आए और बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद चार फरवरी को उसकी बड़ी बहन के मोबाइल पर डेढ़ लाख रुपये खाते से निकलने का मैसेज आया। उसने इस मामले की जानकारी बैंक मैनेजर और पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एटीएम केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला, जिसमें दोनों युवक दिख रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।