इनोवा ने सैर कर रहे दंपति को मारी टक्कर, आरोपी फरार
फेज-6 स्थित काली माता मंदिर के पास शुक्रवार को हुआ हादसा
कार का बंपर गिरा, चंडीगढ़ नंबर की है कार, अब तक नहीं हुए बयान
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
फेज-6 स्थित काली माता मंदिर के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार इनोवा चालक ने सैर कर रहे दंपति को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर जख्मी हो गए। जबकि कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि कार का बंपर घटनास्थल पर ही गिर गया था। घायल दंपति को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत देखते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस दंपति के बयान दर्ज नहीं कर पाई है। पीड़ितों की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-56 निवासी सुमिक्ष व दिवांयती के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शी काली माता मंदिर के पुजारी ने बताया कि शुक्रवार शाम दंपति सड़क पर सैर कर रहे थे। अचानक पीछे से आई तेज रफ्तार इनोवा ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिर पडे़ और उनके सिर से खून निकलने लगा। इस दौरान इनोवा का आगे वाला बंपर टूटकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पता चला है कि कार का नंबर चंडीगढ़ का है। इसके बावजूद पुलिस का कहना है कि अभी इस बात की पड़ताल की जा रही है कि हादसे में शामिल क्या वही कार थी या नहीं। फेज-6 चौकी के इंचार्ज ने बताया कि दंपति चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती हैं। वह अभी बयान देने की हालत में नहीं हैं। कार का नंबर उनके पास नहीं है। मामले की जांच जारी है।