27 ग्राम हेरोइन समेत एक गिरफ्तार
जमानत पर जेल से बाहर आकर फिर नशा बेचने लगा था जग्गा
आरोपी पर दर्ज हैं कई मामले
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। जेल से जमानत पर आए एक व्यक्ति को एसटीएफ ने 27 ग्राम हेरोइन समेत काबू किया है। आरोपी की पहचान अवतार सिंह उर्फ जगतार सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव मानकपुर शरीफ थाना माजरी के रूप में हुई है। एसटीएफ के एसपी राजिंदर सिंह सोहल ने इसकी पुष्टि की। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी हेरोइन की सप्लाई करने के लिए अपने मोटरसाइकिल पर एयरपोर्ट रोड से खरड़ से बनूड़ की ओर जा रहा है। एसटीएफ की टीम ने आरोपी को एयरपोर्ट रोड पर स्थित टीडीआई कालोनी से काबू कर लिया। उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 27 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पहले भी कई मामले दर्ज हैं जग्गा पर
एसटीएफ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। कुराली थाने में इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दस साल की सजा भी हो चुकी है। इसे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। यही नहीं इसके खिलाफ चंडीगढ़ से शराब की तस्करी करने का मामला भी सदर थाना कुराली में दर्ज है और एसटीएफ ने भी इसको 2018 में हेरोइन समेत काबू किया था जिसके बाद भी इसको जमानत मिल गई थी। जमानत पर आने के बाद इसने फिर से हेरोइन सप्लाई करने का धंधा शुरू कर दिया था। अब यह दिल्ली से हेरोइन लाकर मोहाली, खरड़ व चंडीगढ़ में अपने ग्राहकों को बेचता था।