संभल। रविवार की दोपहर को पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद नखासा थाना क्षेत्र के गांव मिलक सिरसी पहुंचे। इस गांव में शुक्रवार की रात को मूर्ति स्थापित करने को लेकर दो समुदायों में टकराव की स्थिति बन गई थी। एहतियातन पुलिस और पीएसी तैनात है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक गांव का जायजा लेने पहुंचे। गांव के जिम्मेदार लोगों को बुलाया और उनसे बातचीत की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए। चुनावी माहौल है, यदि किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मूर्ति स्थापित करने के लिए प्रशासनिक अनुमति की आवश्यकता है। अनुमति के बाद ही मूर्ति स्थापित की जा सकती है। बिना अनुमति किसी ने कोई कार्य किया तो कार्रवाई की जाएगी।
दोनों समुदाय के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से संवाद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही है। हालांकि गांव में अभी पुलिस तैनात है। जब तक गांव में तनावपूर्ण हालात में पूरी तरह सुधार नहीं होता तब तक पुलिस और पीएसी तैनात रहेगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी केके सरोज और प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।