शहर में चोर गिरोह सक्रिय, कार चोरी
पुलिस का दावा- जल्दी ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। शहर में कार चोर गिरोह सक्रिय हो गया है जो पार्किंग या घरों के बाहर खड़ी कारों को निशाना बना रहा है। कुछ दिन से लगातार कार चोरी की वारदात सामने आ रही हैं। अभी तक चोर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। पुलिस का दावा हैै कि जल्दी ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
गांव हल्लोमाजरा (चंडीगढ़) निवासी मुहम्मद सालिम ने पुलिस को शिकायत दी बताया कि उसने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार मोहाली के सेक्टर-66 स्थित बिजनेस टावर के सामने पार्किंग में खड़ी की थी जोकि चोरी हो गई।
पहले भी हो चुकी हैं कार चोरी की वारदात
पुलिस को दी शिकायत में असमिता निवासी सेक्टर-33ए चंडीगढ़ ने बताया कि वह सेक्टर-67 स्थित एक प्राइवेट कंपनी में बतौर कंसल्टेंट है। 15 फरवरी को वह अपनी चंडीगढ़ नंबर स्विफ्ट कार पर अपने ऑफिस आई थी और कार ऑफिस के सामने मार्केट की पार्किंग में खड़ी की थी। शाम को सवा तीन बजे के करीब वह सामान कार में रखने के लिए आई तो कार वहां पर नहीं मिली। यह कार उसके दादा पृथ्वी राज मंजाल के नाम पर रजिस्टर्ड थी। वहीं, पुलिस को दी शिकायत में राजविंद्र कौर निवासी मकान नंबर 613 फेज-3बी1 ने बताया कि वह सेक्टर 67 स्थित एक कॉल सेंटर में मैनेजर के तौर पर तैनात है। कुछ दिन पहले वह अपनी मोहाली नंबर आल्टो कार पर ऑफिस गई थी और कार को कंपनी की पार्किंग में खड़ी की थी। जब शाम को छुट्टी के बाद आकर देखा तो कार वहां पर नहीं थी।