मोबाइल झपट नहीं पाए तो चाकू से किया हमला
मुल्लांपुर से सटे गांव रानीमाजरा में बुधवार रात का है मामला
व्यक्ति की गर्दन पर आए गहरे जख्म, अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। मुल्लांपुर गरीबदास में स्नैचर ने एक व्यक्ति से मोबाइल झपटने की कोशिश की। जब वह कामयाब नहीं हुआ तेा व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू व्यक्ति की गर्दन पर लगा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान जीनत कुमार के रूप में हुई। मुल्लांपुर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गांव रानीमाजरा में जीनत कुमार एक व्यक्ति के फार्म पर काम करता है। वह बुधवार रात को खेत में जा रहा था तभी अचानक एक व्यक्ति आया और उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब आरोपी कामयाब नहीं हो पाया तो उसने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकियां दी। इसके बाद भी जीनत ने मोबाइल नहीं छोड़ा तो आरोपी फरार हो गया। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गए और जीनत को अस्पताल पहुंचाया। मुल्लांपुर थाने से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित अब खतरे से बाहर है।
जिक्रयोग है कि सबडिविजन खरड़ में स्नैचिंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले चंडीगढ़ के एक अस्पताल में तैनात महिला से घर के बाहर स्नैचिंग का मामला सामने आया था जिसमें आरोपी कैमरे में कैद भी हो गए थे। इसके बाद भी आज तक आरोपी पकड़े नहीं जा सके। उस समय डीएसपी ने दावा किया था कि आरोपी जल्द ही काबू कर लिए जाएंगे।