चोरों ने खाना बनाकर खाया और हर सामान को खंगाला
सेक्टर-78 में मार्बल व्यापारी के बंद घर से लाखों की चोरी
कैमरे की डीवीआर और सिक्योरिटी सिस्टम भी साथ ले गए चोर
घर 17 दिनों से था बंद, पुलिस पहुंची मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को नहीं बुलाया
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारी के घर के बाद अब चोरों ने सेक्टर-78 स्थित मार्बल व्यापारी के घर को निशाना बनाया है। चोर घर से लाखों की ज्वैलरी और नकदी ले गए। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। इतना ही नहीं, जाते-जाते घर पर लगे सिक्योरिटी सिस्टम को भी उखाड़ गए हैं। सोहाना पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, धनास में मार्बल का काम करने वाले व्यापारी रवि माहेश्वरी ने बताया कि उनके पिता (जो राजस्थान में रहते थे) का गत माह देहांत हो गया था। वह परिवार के साथ 25 जनवरी को वहां चले गए थे। बीते शनिवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब वापस आए तो देखा की घर का दरवाजा खुला पड़ा था और ताले टूटे पड़े थे। मकान के अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर उनके घर से करीब 25 हजार नकदी, सोने-चांदी के गहने समेत महंगी साड़ियां ले गए हैं। चोर जाते समय घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और कीमती सामान भी अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि उनके घर पर सिक्योरिटी सिस्टम भी लगा था, चोर उसकी तार काट गए हैं, ताकि किसी को इस वारदात की भनक न लगे। उन्होंने बताया कि चोरों ने पहले घर के अगली तरफ का मेन दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, जो उनसे नहीं टूटा। इसके बाद चोर उनके घर के पिछले दरवाजे को फांदकर अंदर आए और रसोई का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन वह दरवाजा भी नहीं टूटा। उसके बाद गेस्ट रूम की खिड़की को उखाड़ कर चोर अंदर घुसे। चोरों ने अच्छी तरह से पूरे घर को खंगाला। उन्होंने बताया कि इस संबंध में तुरंत पुलिस को सूचित किया, मौके पर पहुंच कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मकान मालिक के अनुसार, उन्होंने पुलिस अधिकारी को फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट बुलाने को कहा, लेकिन पुलिस ने नहीं बुलाया।
बेड पर किया आराम और खाना भी बनाया
रवि ने बताया कि वह घर से जाते समय रसोई के बाहर सीढ़ियों के नीचे रखा गैस सिलिंडर बंद कर गए थे। उन्होंने सिलिंडर को देखा तो वह खुला था। रसोई में जाकर देखा तो वहां पर कुछ खाने और गंदी प्लेटें भी पड़ी थी। जिससे उनको शक है कि चोरों ने रसोई में कुछ पका कर खाया है। ऊपर बेटी के बेडरूम में जाकर देखा तो वहां पर एक कंबल पड़ा था। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर पर आराम भी किया होगा। जिस प्रकार से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है, उससे लगता है कि चोर काफी देर तक मकान के अंदर रहे हैं।
अंदर से बंद कर गए दरवाजे
वारदात के बाद चोर घर के कमरों के दरवाजों को अंदर से बंद कर गए। घर की पहली मंजिल पर भी एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मकान मालिक के अनुसार, उन्होंने घर के मेन गेट को खोलने की कोशिश की तो वह अंदर से बंद पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोरों ने घर के एक-एक सामान को चेक किया है।
सन्नी एंक्लेव से कार का टायर चोरी
खरड़। सन्नी एंक्लेव में चोरी की वारदात रुक नहीं रही है। कुछ दिन पहले चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया था। उसके बाद एक बोलेरो जीप चोरी हुई थी। अब शनिवार को चोरों ने इंडिका कार का एक टायर चोरी कर लिया। कार मालिक नितेश ने बताया कि उसने शनिवार रात को करीब 12 बजे अपनी इंडिका कार को घर के सामने पार्क किया था। सुबह उठ कर देखा तो कार का एक टायर नहीं था। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर में बढ़ रही चोरी
शहर में चोरी की वारदात में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके बावजूद पुलिस इन पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। गत सप्ताह चोरों ने बंद पड़ी एनआरआई कोठी को निशाना बनाया था। यहीं नही इसके बाद दो नकाबपोशों ने बैंक कर्मचारी दंपति को बंधक बनाकर लूटने की कोशिश की थी हालांकि महिला की होशियारी से लूट की वारदात बच गई थी। इसके बाद जीरकपुर में गन प्वाइंट पर लूटी गई फार्च्यूनर भी मोहाली के फेज-7 से बरामद हुई थी। जबकि मटौर थाने की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी थी। फेज-7 में व्हाइट जैन कार सवार ने मटौर थाने से मात्र सौ मीटर की दूरी पर छह दुकानों के ताले तोड़ दिए थे। चोर सीसीटीवी में कैद भी हुए, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। फेज-7 में ही रहने वाले रक्षा मंत्रालय के अधिकारी के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों की ज्वैलरी व कीमती सामान अपने साथ ले गए।