खरड़। दोस्त के साथ ठगी करके एक आरोपी ने अपने व अपनी पत्नी के नाम फ्लैट करवा लिया। सदर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सन्नी एनक्लेव के निवासी हरविंदर सिंह ने बताया कि उसने देसू माजरा स्थित पारस पनोरमा अपार्टमेंट में बने अपने फ्लैट के बदले बैंक से लोन लिया था। इसके लिए उसके दोस्त हरमेश पाल सिंह ने गारंटी ली थी। कुछ खाली चेक समेत अन्य दस्तावेज सिक्योरिटी के रूप में हरमेश पाल को दिए थे, परंतु उसने बैंक कर्मचारी के साथ मिलीभगत करके इन दस्तावेज का गलत इस्तेमाल करके फ्लैट को अपने व अपनी पत्नी के नाम करवा लिया। इसके अलावा हरमेश ने हरविंदर द्वारा दिए गए ब्लैंक चेकों द्वारा कई लोगों को जाली पेमेंट करने की भी कोशिश की। इसमें एक चेक दलजीत सिंह नाम के व्यक्ति को 15 लाख की रकम भरकर दे दिया, परंतु खाते में पैसे न होने के कारण यह चेक बाउंस हो गया। हरविंदर सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। जब मामला ईओ विंग के पास पहुंचा तो आरोपी ने अपनी गलती मानते हुए शिकायतकर्ता के सारे चेक वापस करने और 22 लाख रुपये तीन हिस्सों में चेक द्वारा वापस करने का समझौता किया, परंतु आरोपी द्वारा दिए गए दो चेक बाउंस हो गए। हरविंदर ने आरोप लगाया कि हरमेश ने दलजीत के साथ मिलीभगत करके उसके खिलाफ चेक बाउंस का झूठा केस अदालत में दायर करके उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी हरमेश पाल सिंह, उसकी पत्नी कमलप्रीत कौर तथा दलजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।