मोहाली। पुलिस ने तीन लोगों को नशीले पदार्थों के साथ काबू किया है। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
थाना फेज-8 की पुलिस ने 11 ग्राम हेरोइन व 360 नशीली गोलियों के साथ एक आरोपी को फेज-8 स्थित बस स्टैंड के पास खाली जगह के पास से काबू किया है। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। जांच अधिकारी बलैती राम का कहना है कि आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरा मामला थाना मटौर का है। पुलिस ने एक आरोपी को चार ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया। आरोपी की पहचान शुभम के रूप में हुई। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तीसरा मामला थाना बलौंगी का है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर छह ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को दबोचा। आरोपी की पहचान रोहित उर्फ विशाल के रूप में हुई, जोकि जम्मू का रहने वाला है। वह तीन-चार दिन पहले जुझार नगर में अपने रिश्तेदार से मिलने आया था। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
जिक्रयोग है कि जिला पुलिस और प्रशासन ने नशा तस्करी को रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। मोहाली के लिए अलग एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों की इस मामले को लेकर मीटिंग हो चुकी है। अब गांवों तक को नशा मुक्त किया जा रहा है।