छेड़छाड़ का विरोध करने पर सिर में मारी बोतल
- फोटो : अमर उजाला
एक क्लब में पार्टी के दौरान युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके साथी के सिर में बीयर की बोतल मारने और बाद में कनपटी पर पिस्टल तानने का मामला सामने आया है। युवक को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके सिर में चार टांके लगे। पीड़ित ने पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि जिस क्लब में यह घटना हुई, वो नया खुला है और वहां पहली पार्टी आयोजित की गई थी। ढकोली के रहने वाले धीरज नेगी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ ग्लोबल बिजनेस पार्क मॉल की पहली मंजिल पर स्थित इग्नाइट क्लब में आया था।
रात करीब ढाई बजे जब सभी डांस फ्लोर पर म्यूजिक की धुनों पर थिरक रहे थे, तभी शराब के नशे में धुत्त मोंटी नामक युवक ने उसके साथ आई महिला मित्र का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती बीयर पिलाने की कोशिश की। धीरज ने इसका विरोध किया तो मोंटी ने उसके सिर में बीयर की बोतल मार दी, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। बाद में महिला मित्र किसी तरह उसे अस्पताल लेकर गई।
आरोपी बोला- मेरे लिंक्स पुलिस के सीनियर अधिकारियों तक हैं
धीरज ने बताया कि सिर पर बोतल मारने के बाद मोंटी उसे क्लब से बाहर ले गया और उसकी कनपटी पर पिस्टल तानकर धमकी दी कि मेरे लिंक्स पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ हैं, अगर शिकायत पुलिस को दी तो अंजाम बुरा होगा। आरोपी उसकी जेब से पर्स निकालकर करीब 500 अमरीकी डॉलर और अन्य राशि लेकर फरार हो गया।
मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। क्लब मालिक को घटना की सीसीटीवी फुटेज सौंपने के निर्देश दिए हैं। आरोपी को मोबाइल नंबर की लोकेशन से ट्रेस किया जा रहा है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- परमजीत कौर, सब-इंस्पेक्टर-कम-जांच अधिकारी, जीरकपुर पुलिस थाना।