जीरकपुर। शुक्रवार शाम को एक युवक की अपने मकान की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान जोगिंदर निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है, जोकि एलआईसी एजेंट था और 15 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जोगिंदर अपने घर में मौजूद था। कुछ देर बाद दूसरी मंजिल की छत से अचानक नीचे गली में आ गिरा। सिर सड़क से लगने के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का दौरा कर आसपास रहने वाले लोगों व परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मकान की दूसरी मंजिल की छत के ऊपर जाकर मुआयना भी किया।
जांच अधिकारी एएसआई अजीत सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर अभी तक पुलिस के पास किसी तरह के बयान दर्ज नहीं करवाए हैं, इसलिए केस की कार्रवाई विचाराधीन है। शनिवार को परिजनों की सहमति के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।