ओटी कैब्स कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में कंपनी की प्रोमोशन पर खर्च हुए 1.10 लाख रुपये नहीं लौटाए
पीआर इवेंट कंपनी के मालिक ने पुलिस थाने में दर्ज करवाई शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित ग्लोबल बिजनेस पार्क में ओटी कैब्स का कारोबार करने वाली कंपनी पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। ये आरोप निजी इवेंट कंपनी के मालिक मुकेश कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीआर प्रोफेशन कंपनी के मालिक मुकेश कुमार निवासी जीरकपुर ने पुलिस को बताया कि बीते वर्ष जून में ओटी कैब्स नामक कंपनी ने ग्लोबल बिजनेस पार्क मॉल में अपना दफ्तर खोला। इस कंपनी ने अपनी प्रोमोशन के लिए उसकी कंपनी के साथ एक करार किया, जिसके तहत प्रबंधकों द्वारा पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली आदि शहरों में प्रोग्राम करवाए गए। प्रोग्राम करवाने में उसकी कंपनी द्वारा खर्च हुए 1.10 लाख रुपये का बिल बनाकर सौंप दिया गया। कुछ महीनों तक कैब्स कंपनी के मालिकों ने अपना दफ्तर बंद कर दिया और यहां से चले गए। वहीं, ऑफिस बंद होने की सूरत में मुकेश कुमार ने अपने बिलों की पेमेंट के सिलसिले में एमडी ओमबीर सिंह से मुलाकात की तो उसने रुपये जल्द देने का भरोसा दिया। आरोप है कि काफी समय बाद जब उसने रुपये लौटाने के लिए ओमबीर पर दबाव बनाया तो उसने फोन पर गाली गलौज करना शुरू कर दिया और रुपये देने से इंकार कर दिया। एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि उक्त कंपनी के खिलाफ पुलिस के पास पहले भी कई शिकायतें दर्ज हैं जिसके चलते मुकेश की शिकायत को उसके साथ जोड़कर जांच की जा रही है। कंपनी के एमडी ओमबीर सिंह से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।