चोरी की बाइक पर घूम रहे युवक को पुलिस ने पकड़ा
जीरकपुर। पुलिस ने चोरी की बाइक पर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अभी कुमार पुत्र दीपक कुमार निवासी सुखना कालोनी जीरकपुर के रूप में हुई है, वह मूलत: पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर परमजीत कौर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लोहगढ़ के पास एक युवक चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने लोहगढ़ के पास नाकाबंदी का वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान अभी कुमार वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। इस दौरान सामने आया कि जिस बाइक पर वह सवार है, वह चोरी की है। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले गई। उसे मंगलवार को डेराबस्सी अदालत में पेश किया जाएगा।