ठगी के आरोप में मां-बेटों के खिलाफ केस दर्ज
पैसे दोगुने करने के बहाने तीन महिलाओं से 13 लाख 85 हजार ठगने का आरोप
पुलिस को जून महीने में की गई थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी। गांव मुबारिकपुर निवासी तीन महिलाओं से 13 लाख 85 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला और उसके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उक्त महिला पर लोगों को पैसे दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है। इस मामले में गांव मुबारिकपुर निवासी तीन महिलाओं ने जून महीने में पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने जांच करने के बाद सोमवार को केस दर्ज किया है।
मुबारिकपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई भिंदर सिंह ने बताया कि जस्सी पत्नी रणजीत सिंह, रंजू पत्नी प्रदीप कुमार, लखविंदर कौर पत्नी बलबीर सिंह निवासी मुबारिकपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ऊषा जसवाल ने खुद को विदेशी कंपनी का एजेंट बताकर उनसे लाखों रुपये दोगुने करने के बहाने ठग लिए। उन्होंने बताया कि उक्त महिलाएं जब उसके घर पैसे लेने गईं तो वह धमकियां देने लगी। एक दिन वह उनके घर पैसे मांगने गई तो ऊषा ने अपने बेटों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।