हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे तस्कर नाके पर धरे गए
आरोपियों से डेढ़ सौ ग्राम हेरोइन बरामद, एसटीएफ जांच में जुटी
पैरोल पर आकर शुरू की तस्करी, एक आरोपी की मां भी नशा तस्करी के केस में जा चुकी है जेल
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
एसटीएफ ने स्पेशल नाके पर हेरोइन समेत दो लोगों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान संदीप कुमार उर्फ कालू व रवि कुमार निवासी वार्ड नंबर 9, जाखल रोड, पातड़ां जिला पटियाला के रूप में हुई है। आरोपियों से डेढ़ सौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पता चला है कि संदीप के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हैं, जिसमें उसे सजा भी हो चुकी थी। उसकी मां शांति देवी भी 45 ग्राम हेरोइन सहित जिला संगरूर में पकड़ी गई थी। वह भी नशा तस्करी के केस में जेल में बंद थी, जो इस समय जमानत पर आई है।
ऐसे दबोचे आरोपी
एसटीएफ के एसपी राजिंद्र सिंह सोहल ने बताया कि एसटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी संदीप और रवि एक नई कार में नशे की सप्लाई लेकर आ रहे हैं। सब-इंस्पेक्टर राम दर्शन की अगुवाई में टीम ने फेज-8 में नाका लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। नाके पर एक कार को रोककर चेकिंग की गई तो उसमें से हेरोइन बरामद हुई। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
दिल्ली से लाया था हेरोइन
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे दिल्ली निवासी किसी नाईजीरियन महिला से नशे की सप्लाई लेकर आते थे। आरोपी ट्राइसिटी समेत कई इलाकों मे सप्लाई करते थे। इनमें मोहाली, पटियाला और चंडीगढ़ के क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोप से पूछताछ की जा रही है।
तस्करी के लिए खरीदी थी नई कार
संदीप भी पैरोल पर आया था और जेल से आते ही फिर नशा तस्करी में जुट गया। इस काम के लिए उसने डैटसन कार कुछ दिन पहले खरीदी थी। कार पर नंबर तक नहीं लगा था। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। दोनों को गिरफ्तार करके एसटीएफ पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया।