पुलिस की जांच अब सीसीटीवी रिकॉर्डिंग व काल डंप पर टिकी
नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने झोंकी ताकत
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
सेक्टर-69 स्थित झाड़ियों में मार कर फेंकी गई नाबालिग लड़की के कातिल तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एक तरफ जहां पुलिस ने इलाके में स्थित घरों व निजी अस्पताल की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को कब्जे में ले लिया है। वहीं रिकॉर्डिग को देखने के लिए कई टीमें गठित की हैं। इसके अलावा पुलिस की टीमों ने मोबाइल डंप भी लिया है, ताकि कातिल का कोई सुराग मिल सके। डीएसपी रमनदीप सिंह का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। आरोपी जल्द ही पकड़ में होगा।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार को एक बार फिर पुलिस की टीमों ने घटना स्थल का मुआयना किया। साथ ही वहां पर रह रहे लोगों से पूछताछ की। पुलिस भी यह मानकर चल रही है कि जिस जगह से लड़की का शव मिला है। वहां तक पहुंचना आम आदमी के बस की बात नहीं है। ऐसे में यह संदेह जताया जा रहा कि इलाके का भेदी आदमी वारदात में शामिल है। वहीं, घटना स्थल पर जिस तरह झाड़ियां टूटी पड़ी हैं, वह इस बात का संकेत कर रही हैं कि लड़की की हत्या से पहले वहां पर किसी से हाथापाई हुई हो।
जिक्रयोग है कि लड़की नौ नवंबर को संदिग्ध हालत में गायब हुई थी। इसके बाद परिजनों ने लड़की की काफी शिकायत की थी, लेकिन वह नहीं मिली थी। 12 नवंबर को लड़की के परिजनों ने उसके गुम होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। जबकि पंद्रह नवंबर को लड़की का शव झाड़ियों से मिला था। शव पर चाकुओं के 12 निशान थे। जबकि शव पूरी तरह से गला हुआ था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।