प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रही अवैध माइनिंग
बनूड़ के गांवों को पानी देने के लिए बनाए गए बांध के आसपास माफिया सक्रिय
पंचायती जमीन पर माइनिंग करने के आरोप में ठेकेदार के खिलाफ दी शिकायत
हरजीत सिंह
डेराबस्सी।
छतबीड़ चिड़ियाघर के नजदीक बनूड़ के दर्जनों गांवों को पानी देने के लिए ड्रेनेज विभाग की ओर से करोड़ों खर्च कर बनाए बांध के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध माइनिंग पर प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई की।
माइनिंग विभाग के साथ वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने पाया कि बांध के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध माइनिंग हो रही है। इससे जहां बांध को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं सरकार को लाखों का चूना लगाया जा रहा है। बता दें कि बांध के प्रतिबंधित क्षेत्र में माइनिंग की कई बार शिकायत हो चुकी है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इसे मानने से इनकार कर देते थे। इसके अलावा बांध के नजदीक पड़ते डेराबस्सी के गांव बाकरपुर में भी ग्रामीण अवैध माइनिंग की शिकायतें कर थक चुके थे, लेकिन नेताओं के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी।
बनूड़ के दर्जनों गांवों को पानी देने के लिए घग्गर नदी पर ड्रेनेज विभाग की ओर से एक बांध का निर्माण किया गया है। इस बांध के पांच सौ मीटर के क्षेत्र में माइनिंग करने पर पाबंदी लगाई है, लेकिन माइनिंग माफिया गांव बाकरपुर और बांध के नजदीक खुलेेआम अवैध माइनिंग कर रहा था। पिछले दिनों मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सख्ती के बाद कुछ दिन माइनिंग माफिया शांत रहा, लेकिन फिर से सरगर्म हो गया और रात के अंधेरे में माइनिंग करने लगा था। ग्रामीणों की ओर से पुलिस और माइनिंग विभाग को शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों की शिकायत पर ड्रेनेज विभाग ने पिछले दिनों दौरा कर मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों को की थी। इसके बाद माइनिंग विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों ने हरकत में आते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया है।
वीरवार की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार कर्मजीत सिंह, जिला माइनिंग अफसर सिमरप्रीत कौर ढिल्लों, बीडीपीओ बलजिंदर सिंह ग्रेवाल, ड्रेनेज विभाग के एसडीओ गुरमेल सिंह, जेई नरिंद्र कुमार, थाना प्रभारी महिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। जांच टीम ने पाया कि बांध के प्रतिबंधित क्षेत्र में माइनिंग चल रही है। पांच सौ मीटर में पाबंदी के बावजूद सौ मीटर में माइनिंग के सुबूत मिले हैं, जिससे बांध खतरे में पड़ गया है।
ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दी गई है : ग्रेवाल
बीडीपीओ डेराबस्सी बलजिंदर सिंह ग्रेवाल ने कहा कि बांध के नजदीक बाकरपुर में ठेकेदार जगरूप सिंह की ओर से निर्धारित क्षेत्र से बाहर जाकर माइनिंग की जा रही है। ठेकेदार के खिलाफ पंचायत ने भी प्रस्ताव पास कर शिकायत दी है। ठेकेदार ने पंचायती जमीन पर भी अवैध माइनिंग की है। इसके अलावा बांध के नजदीक भी अवैध माइनिंग ठेकेदार ने की है। पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा टीम ने बोहड़ी खान का भी दौरा किया, जहां ठेकेदार ने पंचायत को बनती फीस जमा करवाए बिना माइनिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद चेतावनी दी गई है कि वह तय समय में अपने पैसे जमा करवाए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी महिंदर सिंह ने कहा कि माइनिंग विभाग की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद ठेकेदार के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने माना कि वह भी जांच टीम में शामिल थे। बांध के आसपास व बाकरपुर खान के अलावा निर्धारित क्षेत्र के बाहर माइनिंग हुई है।
कैप्शन-
अवैध माइनिंग की शिकायत के बाद बांध के आसपास क्षेत्र का दौरा करती माइनिंग विभाग की टीम।