एसपी सिटी का रीडर रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू
आरोपी चंडीगढ़ की महिला से पांच हजार रुपये लेते दबोचा
महिला के पति पर दर्ज था केस, जिसके लिए मांगी रिश्वत
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। नए डीजीपी के कार्यभार संभालने के साथ ही विजिलेंस ब्यूरो भी एक्टिव हो गई। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एसपी सिटी मोहाली के रीडर को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी की पहचान हवलदार जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी पर प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। विजिलेंस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कई और खुलासे होने के आसार हैं। आरोपी को शनिवार अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस ब्यूरो को सेक्टर-23 चंडीगढ़ निवासी बबीता सूरी ने शिकायत दी। उन्होंने विजिलेंस को बताया था कि उसके पति पर दर्ज केस में मदद करने के लिए आरोपी ने दस हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद दोनों में पांच हजार में सौदा तय हो गया था। उन्होंने विजिलेंस को शिकायत दे तो विजिलेंस ने पूरी प्लानिंग के बाद उसे काबू किया है। पुलिस ने इस मामले में पूरे पुख्ता प्रमाण तैयार किए हैं। इसके अलावा दो गवाह भी बनाए हैं।
इससे कुछ दिन पहले विजिलेंस ब्यूरो ने मुल्लांपुर से एक व्यक्ति को काबू किया था, जो कि वहां पर ढाबों व मिठाई की दुकान वालों को हेल्थ विभाग के छापों से बचाने के नाम पर पैसे ठगता था।
नए साल में पुलिस मुलाजिम की पहली गिरफ्तारी
नए साल में यह पुलिस मुलाजिम की पहली गिरफ्तारी हुई है। हालांकि पुलिस का दामन शुरू से ही दागदार रहा है। जिले के कई पुलिस थानों में तैनात मुलाजिम गत साल भी विजिलेंस ने रिश्वत लेते काबू किए थे। इसमें सोहाना, मजात व जीरकपुर थाना प्रमुख रहा है।