पहले फोन कर किया परेशान, फिर व्हाट्सएप पर भेजे अश्लील वीडियो व फोटो
महिला ने पुलिस को दी शिकायत, कहा-आरोपी को रोका तो फोन पर की गाली-गलौच
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। एक कंपनी में काम करने वाली महिला को पहले किसी शरारती ने अजनबी नंबर से फोन किए। जब महिला ने उसका विरोध किया तो आरोपी ने महिला के व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज, फोटो व वीडियो भेजने शुरू कर दिए। महिला ने तुरंत इस बारे में पुलिस को बताया। थाना सिटी खरड़ की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 354, 354ए व आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
महिला को पुलिस ने दी शिकायत में बताया है कि वह खरड़ में रहती है। उसकी कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। 28 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। इस दौरान आरोपी उससे गलत तरीके से बात कर रहा था। आरोपी ने गाली गलौच तक की। इस दौरान उसने जब फोन रख दिया तो आरोपी ने उसके व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो, मैसेज व वीडियो भेजने शुरू कर दिए। यह सिलसिला पूरी रात चलता रहा, जिसके चलते काफी परेशानी उठानी पड़ी। महिला ने सुबह इस बारे में अपने परिवार वालों को बताया। परिवार वालों की मदद से महिला ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने कहा कि जल्दी ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। जिक्रयोग है कि यह अपनी तरह का पहला मामला है। जब किसी महिला को अश्लील वीडियो व फोटो भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी टीम हर एंगल पर काम कर रही है। जल्दी ही सारे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।