मोहाली। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए इस बार नगर निगम को कड़ी मशक्त करनी पड़ रही है। सर्वेक्षण के प्रत्येक मानक पर निगम की टीमें बारीकी से काम कर रही हैं। लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने के लिए पूरे शहर में जागरुकता पेंटिंग बनाई गईं हैं। केंद्र की टीम किसी भी समय आ सकती है। ऐसे में प्रोजेक्ट से जुड़े हर अधिकारी और कर्मचारी को हमेशा तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रोजेक्ट की निगरानी नगर निगम कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग खुद कर रहे हैं।
स्वच्छता रैंकिंग में देश में शहर 81वें नंबर पर रहा था जबकि ट्राइसिटी में चंडीगढ़ के बाद दूसरे नंबर पर था। ऐसे में लोगों को भी इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में निगम से काफी उम्मीदें हैं। इस बार सर्वे के प्वाइंट भी 6000 भी 7500 कर दिए गए हैं। इसी के आधार केंद्र सरकार की टीम सर्वे करेंगी। जो नए मानक सर्वे में शामिल किए गए हैं उनमें से कई प्वाइंटों पर निगम पहले ही काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार कई बिंदुओं हमारा पक्ष मजबूत है लेकिन जहां कमजोरी रह गई थी उसे भी दूर किया जा रहा है। मानकों में कूड़ा प्रोसेसिंग, लिफ्टिंग, सेग्रीगेशन, सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक बैन व सीएंडडी (कचरे को अलग-अलग व निस्तारण करने) प्लांट के लिए कुल तीन हजार अंक निर्धारित हैं। इस बार सफाई मित्रों (सफाई कर्मियों) की सुरक्षा के अंक भी सर्वे में जुड़ेंगे।
अब कूड़े का ऐसे किया जा रहा है निस्तारण
नगर निगम अब लोगों के घरों से निकलने वाले कूड़े को चार हिस्सों में बांट रहा है। निगम की टीमें सूखा और गीला कूड़ा अलग इकट्ठा करती हैं। गीले कूड़े से खाद बनाई जा रही है जबकि सूखे कूड़े को रिसाइकिल किया जा रहा है। जहां तक इलेक्ट्रॉनिक व सेनेटरी कूड़ा (दवाइयां और सेेनेटरी पैड) अलग जुटाया जाता है। इनका निस्तारण एनजीटी के नियमों के तहत होता है।
जनता की राय भी दिलाएगी नंबर
स्वच्छता सर्वेक्षण में जनता के फीडबैक की अहम भूमिका है। लोग छह माध्यमों से फीडबैक दे सकेंगे। पहला है कि केंद्रीय टीम सीधे जनता से सवाल पूछेगी। दूसरा माध्यम मेरी सरकार एप व 1969 हेल्पलाइन नंबर है जिस पर काल कर फीडबैक दे सकते हैं। वहीं क्यूआर कोड स्कैन कर भी फीडबैक दे सकते हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 पोर्टल और एप पर अपनी राय दे सकते हैं। फीडबैक में पांच से छह सवाल होते हैं।
सवाल
- क्या आपके घर से कचरा उठता है
- क्या आप गीला और सूखा कचरा अलग करके देते हैं
- क्या आपके नजदीकी क्षेत्र में शौचालय है
- क्या आप ने स्वच्छता एप डाउनलोड किया है
- घर के कचरे से कंपोस्ट खाद तैयार करते हैं
कई इलाकों में अभी भी खामियां
भले ही निगम स्वच्छता सर्वेक्षण के हर क्षेत्र में काम कर रहा है लेकिन अभी कई जगह पर खामियां हैं। अधिकतर बाजारों में कूड़ेदान टूटे पड़े हैं। कई जगह केवल स्टैंड ही रह गए हैं। कई बाजारों में सीवरेज व ड्रेनेज की लाइन जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जागरुकता के अभाव में कुछ स्थानों पर लोग भी कूड़ा फेंक रहे हैं। सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं।
कोट्स
स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए नगर निगम काम कर रहा है। इस काम में लोगों को भी सहयोग देना होगा। उम्मीद है कि इस बार अपना शहर टॉप दस में शामिल हो जाएगा।
- अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, मेयर नगर निगम मोहाली