लांडरां। कोविड की बूस्टर डोज लगवाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से एक पुलिस मुलाजिम की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय हरप्रीत सिंह पुत्र पूर्व सरपंच भाग सिंह निवासी गांव नंडियाली के रूप में हुई है। मृतक के चचेरे भाई जगतार सिंह लखी ने बताया कि हरप्रीत सिंह डीएसपी मोहाली के कार्यालय में रीडर के पद पर तैनात था। 24 जनवरी को उसे कोविड की बूस्टर डोज दी गई थी। खुराक लेते समय हरप्रीत सिंह को हलका जुकाम हुआ और इसके बाद सिरदर्द होने लगा तो उसे जीएमएसएच, सेक्टर-16 चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उनका इलाज पीजीआई, चंडीगढ़ में किया गया।
पीजीआई में भी हरप्रीत सिंह की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे मोहाली के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां पर इलाज के दौरान बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई। हरप्रीत सिंह के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी के साथ छोटे बच्चे हैं। उसके शव का पोस्टमॉर्टम सिविल अस्पताल मोहाली में करवाकर परिजनों ने अंतिम संस्कार गांव नंडियाली में कर दिया है।