नयागांव। सुखना कैचमेंट एरिया में अवैध निर्माण पर शिकंजा कसने को लेकर हाईकोर्ट की सख्ती के बाद नगर काउंसिल की ओर से सात सदस्यों की कमेटी बनाई गई है। इस टीम ने सोमवार को इलाके में दबिश देकर यहां हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रुकवाया और साथ ही अवैध निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया।
जानकारी के मुताबिक सुखना केचमेंट के इलाके में निर्माण करने पर हाईकोर्ट की ओर से रोक लगाई हुई है। लेकिन इसके बावजूद इस इलाके में धड़ल्ले से अवैध निर्माण चल रहा है। इस पर हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए हरियाणा एवं पंजाब सरकार को 100-100 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। अब हाल ही में विभाग की ओर से वीरेंद्र जैन को नयागांव नगर काउंसिल का नया कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है। उन्होंने अपना कार्यभार संभालते ही नई कमेटी गठित की और सोमवार को कांसल के ब्लॉक में दबिश देकर यहां चल रहा अवैैध निर्माण कार्य रुकवाया।
टीम के इन सदस्यों की रहेगी अवैध निर्माण पर नजर
नयागांव नगर काउंसिल के नए कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र जैन ने सुखना केचमेंट एरिया में अवैध निर्माण को रोकने के लिए सात सदस्यों की टीम का गठन किया है। इस टीम में सेनेटरी सुपरिंटेंडेंट विष्णु दत्त, जेई हरभजन सिंह, सैनिटेशन इंस्पेक्टर राम गोपाल, जूनियर सहायक सौरभ कुमार, जूनियर सहायक हरदीप कुमार, कर्मचारी रणधीर सिंह और रमेश कुमार को सदस्य बनाया गया है। यह टीम शनिवार और रविवार के अलावा अन्य छुट्टी के दिन भी अवैध निर्माण पर नजर रखेगी।