मोहाली। सेक्टर-79 में शुक्रवार को लावारिस कुत्तों ने प्रवासी मजदूर के बेटे को काट लिया। उसे इलाज के लिए जीएमएसएच-16 में दाखिल करवाना पड़ा। लावारिस कुत्तों की बढ़ती तादाद को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर निगम को शिकायत दर्ज करवाई, परन्तु अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
सेक्टर-79 की सोशल वेलफेयर एंड डेवलपमेंट कमेटी प्रधान हरदयाल चंद ने बताया कि क्षेत्र में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा। आलम यह है कि चार महीने से पार्क की सफाई के लिए टेंडर लग चुका है परन्तु वर्क ऑर्डर न होने से सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। दूसरी ओर सफाई व्यवस्था न होने के कारण यहां लगे कूड़े के ढेर से लावारिस कुत्तों की तादाद दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और शुक्रवार को 5 से 6 कुत्तों ने मिलकर प्रवासी मजदूर सोनू के छह वर्षीय बेटे मनीष को पकड़कर काट लिया। किसी तरह मनीष को कुत्तों के चंगुल से बचाया और गंभीर रूप से जख्मी हुए मनीष को चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। प्रधान हरदयाल चंद ने बताया कि लंबे समय से नगर निगम को लावारिस कुत्तों को लेकर शिकायत दी, परन्तु अधिकारियों ने अब तक कार्रवाई नहीं की।