नयागांव। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से चलाई जा रही स्मार्ट साइकिल इलाके की पुलिस के लिए मुसीबत बन गई है। आए दिन इलाके में स्मार्ट साइकिल बरामद हो रही हैं। इसकी सूचना चंडीगढ़ प्रशासन को देने के बाद भी इनकी कोई सुध नहीं ले रहा है। पुलिस को इन्हें संभाल कर रखना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को किसी व्यक्ति की सूचना पर नयागांव पुलिस ने खाली प्लॉट से एक लावारिस पड़ी स्मार्ट साइकिल कब्जे में ली है। इस साइकिल को नयागांव चौकी में रखवा दिया गया है। बरामद साइकिल का नंबर 41254 है। बता दें कि पहले भी 7 नवंबर, 2021 को नयागांव पुलिस ने ऐसी ही एक साइकिल बरामद की थी। अमर उजाला में खबर छपने के बाद चंडीगढ़ में स्मार्ट साइकिल का प्रोजेक्ट चलाने वाली कंपनी से कुछ लोग थाने में आए थे। पुलिस ने उनको बताया था कि साइकिल की सुपुर्दगी के लिए आदेश जिला मजिस्ट्रेट द्वारा दिए जाने हैं। आप वहां से आदेश लेकर साइकिल ले जा सकते हैं। लेकिन इसके बाद से अब तक कोई भी नहीं आया है। इलाके की पुलिस को अब दूसरी साइकिल मिलने के बाद इसको भी संभाल कर रखना पड़ेगा।
50000 रुपये है एक साइकिल की कीमत
स्मार्ट साइकिल प्रोजेक्ट के तहत चंडीगढ़ में जो स्मार्ट साइकिल चलाई जा रही है इसकी एक साइकिल की कीमत 50,000 रुपये है। इसमें ट्यूबलेस टायर, 10 किलो क्षमता वाली टोकरी, बैटरी से संचालित लाइट और एडजस्ट करने वाली सीट लगी है।