खरड़। करीब डेढ़ महीना पहले एक्टिवा सवार दो युवतियों को कुराली-खरड़ हाईवे पर शिवजोत एनक्लेव के पास एक कार सवार ने रौंद दिया था। यह मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी मोहाली की एक वर्कशाप से बरामद कर लिया है। जबकि कार चालक हेमंत कुमार सिंह, निवासी जनकपुर, पुलिस कॉलोनी, बनियागंज को को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक 4 अगस्त को कार चालक ने एक्टिवा सवार दो युवतियों पूनम नेगी और रीतिका राणा को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसमें पूनम नेगी अभी तक कोमा में है जबकि रीतिका राणा की हालत में सुधार हो रहा है। केस की जांच कर रहे एएसआई अधिकारी ने बताया कि 4 अगस्त की रात करीब साढे़ 8 बजे शिवजोत एनक्लेव के नजदीक एक कार ने अपने आगे जा रही एक्टिवा सवार दोनों युवतियों को टक्कर मार दी थी। इससे एक्टिवा सवार दोनों युवतियां पूनम नेगी और रीतिका राणा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। एक्टिवा से टकराने के बाद कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। जब कार सवार कोर को एक क्रेन की मदद से ले जा रहा था तो शिवजोत एनक्लेव के एक सिक्योरिटी गार्ड ने कार का नंबर जेएच-12 एम-7756 नोट करके पुलिस को दे दिया था। इसके आधार पर आरोपी पकड़ा गया है।