मोहाली। भले ही इंडस्ट्रियल एरिया फेज-सात स्थित ईएसआई अस्पताल को हर साल करोड़ों रुपये का बजट जारी होता है, लेकिन वहां पर मरीजों की सुविधा के लिए एक एंबुलेंस तक नहीं है। अस्पताल में डॉक्टरों के कई पद खाली हैं। यह बात मंगलवार को उस समय सामने आई जब विधायक कुलवंत सिंह ने अस्पताल का दौरा किया।
उन्होंने अस्पताल का जायजा लेने के बाद कहा कि अस्तपाल की सारी खामियों को तय समय में दूर किया जाएगा। अस्पताल को गत समय में मिली करोड़ों रुपये की ग्रांट की जांच करवाई जाएगी। साथ ही पता लगाया जाएगा कि आखिर करोड़ों रुपये कहां खर्च किए गए हैं।
ईएसआई अस्पताल में विधायक सुबह दस बजे पहुंच गए। उनके साथ उद्योगपति व इलाके के समाजसेवी लोग भी थे। उन्होंने सारे अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर सेहत सेवाएं पंजाब के निदेशक डॉ. जीबी सिंह को बुलाकर अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सेहत विभाग के डॉक्टरों को कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को अच्छी सुविधाएं दी जाएंगी। अस्पताल में उद्योग में काम करने वाले मुलाजिम ही आते हैं। इनके इलाज को गंभीरता से लिया जाए। उनकी कोशिश रहेगी कि अस्पताल से रेफरल अस्पताल का टैग खत्म किया जाए। इसके लिए अस्पताल के अंदर ही लोगों को सारी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
अस्पताल में जल्द ही मिलेंगी ये सुविधाएं
सेहत विभाग के निदेशक ने बताया कि ईएसआई अस्पताल में ईएनटी, आंखों के सर्जन, रेडियोलाजिस्ट, बच्चों के माहिर व चमड़ी के डॉक्टर नहीं है। ये माहिर जल्दी ही तैनात किए जाएंगे। अल्ट्रासाउंड मशीन व पूरी तरह से ऑटो एनालाइज्ड लैब स्थापित की जाएगी। अस्पताल में जल्द ही कुछ सर्जरी भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा रीजनल डायरेक्टर ईएसआईसी दफ्तर से संपर्क कर हर मसले को हल करने के बारे में बातचीत की जाएगी।
निजी कंपनी अस्पताल को देगी एंबुलेंस
इस मौके एक नामी निजी कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पीजे सिंह ने ईएसआई अस्पताल को एंबुलेंस मुहैया करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते में एंबुलेंस अस्पताल को मिल जाएगी। विधायक ने कहा कि अस्पताल में आज तय किए गए कामों का 31 मई को बैठक कर रिव्यू किया जाएगा।