अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर भांखरपुर स्थित घग्गर नदी पर बने पुराने टू-लेन पुल में फिर खराबी आ गई। इस कारण वीरवार दोपहर को ट्रैफिक आवाजाही बाधित हो गई। इससे अंबाला की ओर जाने वाले वाहनों की एक ओर लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस समेत राहगीरों को लगा कि पुल के स्पैंस के बीच वही एक्सपेंशन ज्वाइंट फिर डैमेज हो गया है, जिसे महीनेभर पहले रिपेयर किया गया था। बहरहाल, फोरलेन कंपनी ने स्पष्ट किया है कि रुटीन रिपेयर के चलते ट्रैफिक कुछ घंटे के लिए प्रभावित रहा, लेकिन एक्पेंशन ज्वाइंट डैमेज जैसी कोई बात नहीं है।
चंडीगढ़ से अंबाला की ओर जाते समय राहगीर इस पुराने टू लेन पुल का इस्तेमाल करते हैं। बीती तीन जुलाई को भांखरपुर की ओर से तीसरे व चौथे स्पैन के बीच एक्सपेंशन ज्वाइंट डैमेज होने पर पुल पर वाहनों की आवाजाही एक हफ्ते तक पूरी तरह बंद रखी गई थी। इस दौरान थ्रीलेन घग्गर पुल पर दोतरफा ट्रैफिक चलाया गया था, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी थी। रिपेयर के बाद 10 जुलाई को पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी।
वीरवार दोपहर करीब एक बजे पुल के तीसरे व चौथे एक्सपेंशन ज्वाइंट के साथ बिटुमिन समेत कंक्रीट उखड़ने से वहां छोटे गड्ढे बन गए थे जो बारिश व वाहनों की आवाजाही से बढ़ते जा रहे थे।
इसे देखते हुए टू लेन घग्गर पुल पर एक लेन बंद कर दी गई। हालांकि, ट्रैफिक एक लेन से गुजरता रहा, लेकिन दबाव ज्यादा होने की वजह से चंडीगढ़ की ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग गलत लेन से थ्रीलेन पुल पार करते नजर आए, जबकि ट्रैफिक पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। शाम करीब चार बजे के बाद पुल पर दो तरफा आवाजाही खुलने के बाद ट्रैफिक सामान्य हुआ।
इस संबंध में फोरलेनिंग कंपनी जीएमएआर के कॉर्पोरेट रिलेशन अफसर दीपक अरोड़ा ने बताया कि पुराने पुल की रुटीन रिपेयर की गई है। तीसरे व चौथे एक्सपेंशन ज्वाइंट के पास कंकरीट व बिटुमिन का जोड़ कमजोर पड़ने से उसकी परतें उखड़ने लगी थीं, जिससे छोटे-छोटे गड्ढे वाहनों की आवाजाही से बड़े होने लेने लगे थे। कंपनी ने इसकी रिपेयर भी पूरी कर ली है। इस दौरान कुछ घंटे के लिए ट्रैफिक अवरुद्ध रहा, लेकिन वीरवार शाम को पुल खोल दिया गया।