मोहाली। देर रात फेज-5 की कल्याण मार्केट की पार्किंग में खड़ी कार का शीशा तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नकदी, डेबिट कार्ड और जरूरी कागजात चोरी होने का मामला सामने आया है। यह सब सामान कार में एक लेडिज पर्स में रखा था। थाना फेज-1 की पुलिस ने बताया कि शिकायत मिल गई है, इसके आधार पर आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमराें की जांच की जा रही है।
सुप्रीत सिंह निवासी जालंधर ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में मोहाली फेज-5 की मार्केट में रात को खाना खाने के लिए रुके। इस दौरान मार्केट की पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर दी थी। जब वे खाना खाकर करीब एक घंटे बाद वापस आए तो देखा कि कार का पीछे वाला शीशा टूटा था। अंदर रखा लेडीज पर्स गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की शिकायत दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
मार्केट में नहीं है कैमरा, गाड़ी की बैटरी हुई थी चोरी
फेज-5 की इस मार्केट में कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। मार्केट कमेटी ने सुरक्षा के मद्देनजर कोई कैमरा नहीं लगवा रखा है। इसका फायदा चोर उठा रहे हैं। पिछले महीने इसी मार्केट की पार्किंग में खड़ी एक ऑल्टो कार की बैटरी भी चोरी हो गई थी। उस बारे में भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।