जीरकपुर। वीआईपी रोड स्थित मेन मार्केट पॉम स्ट्रीट के बी ब्लॉक की एक दुकान में कपड़े खरीदने के बहाने घुसी एक युवती ने दुकानदार की गर्दन पर चाकू रख दिया और उससे 30 हजार रुपये मांगने लगी। दुकानदार जैसे-तैसे भागकर दुकान से बाहर निकला और आसपास के दुकानदारों को इकट्ठा करके पुलिस बुला ली। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
दुकानदार मुकेश कुमार ने बताया कि दोपहर करीब सवा 12 बजे एक युवती दुकान में आई। उसने अपना मुंह कपड़े से ढका हुआ था। युवती ने जींस व नाइट सूट दिखाने के किए कहा, जिसे दिखाने के बाद युवती एक नाइट सूट लेकर ट्रायल रूम में चली गई और कॉकरोच का बहाना बनाकर चिल्लाने लगी। साथ ही उन्हें ट्रायल रूम में बुलाने लगी। वह जैसे ही वहां पहुंचे तो युवती ने अपने पर्स से चाकू निकालकर उनकी गर्दन पर रख दिया और कहा कि 30 हजार रुपये दे दो। मुकेश ने बड़ी मुश्किल से युवती से चाकू छीना और उसे धक्का देकर दुकान से बाहर निकले और अन्य दुकानदारों को इकट्ठा किया।
युवती को दुकान के अंदर ही बंद कर उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर कॉल कर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन ले गई। युवती की एक्टिवा को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। दुकानदार मुकेश ने बताया कि युवती बीते दिन भी दुकान पर आई थी और कपड़े देखकर लौट गई थी।
क्या कहते हैं अधिकारी
दुकानदार मुकेश की शिकायत पर युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अब तक की जांच में यह पता चला है कि युवती जीरकपुर की रहने वाली है और मानसिक तौर पर ठीक नहीं है। उसके परिजनों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
-ओंकार सिंह बराड़ , एसएचओ थाना जीरकपुर