सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेना ने मोहाली समेत मोगा और रूपनगर के युवाओं के लिए विभिन्न पदों की भर्ती के लिए ढोलेवाल मिलिट्री कांप्लेक्स लुधियाना में 25 अप्रैल से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। जो कि 10 मई तक चलेगी। वहीं, उम्मीदवारों को 10 अप्रैल से पहले वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। भर्ती प्रक्रिया में सोल्जर जीडी, सोल्जर तकनीक व ट्रेडमैन के पदों के लिए भर्ती होगी।
दलालों से बचने की दी नसीहत
डायरेक्टर भर्ती लुधियाना सर्किल कमल किशोर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी। उन्होंने प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों को आगाह किया है कि वह दलालों के बहकावे में न आएं।
भर्ती के लिए योग्यता
डायरेक्टर ने बताया कि सोल्जर जीडी के लिए इच्छुक उम्मीदवार को 10वीं 45 प्रतिशत अंकों के साथ पास होनी चाहिए। उम्र साढ़े 17 से 21 साल और हाईट 170 सेंटीमीटर व कंडी एरिया से संबंधित उम्मीदवारों के लिए हाईट 166 सेंटीमीटर होनी जरूरी है। सोल्जर तकनीकी पद के लिए उम्र साढ़े 17 से 23 साल व 12वीं में साइंस, फिजिक्स,केमिस्ट्री, गणित व अंग्रेजी विषय में 45 फीसदी अंक होने जरूरी है। इसके अलावा 10वीं में 50 फीसदी अंक के साथ पास की हो। उम्मीदवार की हाईट 170 सेंटीमीटर व कंडी एरिया के उम्मीदवारों के लिए हाईट 163 सेमी. होनी जरूरी है। सोल्जर क्लर्क/स्टोर कीपर की भर्ती के लिए उम्मीदवारों की उम्र साढ़े 17 से 23 साल व 12वीं में 50 फीसदी अंक होने चाहिए। जबकि हाईट 162 सेंटीमीटर होनी चाहिए। सोल्जर एनए/वीईटी पद के लिए उम्मीदवारों के लिए उम्र साढ़े 17 से 23 वर्ष और हाईट 170 सेमी व कंडी एरिया के लिए हाईट 163 सेमी. होनी आवश्यक है। 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बयोलॉजी व अंग्रेजी में कम से कम 50 फीसदी अंक होने चाहिए। इसके अलावा सेल्जर ट्रेडमैन के लिए उक्त उम्र व कद ही लागू होगा। जबकि, 8वीं व 10वीं होनी चाहिए।
यह दस्तावेज लाने होंगे जरूरी
कर्नल किशोर ने बताया कि भर्ती के समय उम्मीदवारों को अपने 20 नये पासपोर्ट साइज फोटो। वहीं, सिख उम्मीदवार को पग व बगैर पग के 20 फोटो लानी होगी। इसके अलावा शैक्षणिक दस्तावेज, एसडीएम व तहसीलदार की ओर से जारी किया रिहायशी सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, स्कूल का नैतिक सर्टिफिकेट, गांव के सरपंच द्वारा हस्ताक्षर किया हुआ नैतिक सर्टिफिकेट और गैर शादीशुदा सर्टिफिकेट और आधार कार्ड साथ लाना होगा।