रंकज वर्मा की जमानत याचिका पर सुनवाई आज
वहीं, अदालत के बाहर रंकज वर्मा के वकील के अलावा उसके पारिवारिक सदस्य भी पहुंचे थे। वकील ने कहा कि उन्होंने रंकज की जमानत याचिका अदालत में दायर कर दी है, मंगलवार को सुनवाई होगी। उन्होंने कहा कि मजेदार बात यह है कि इस केस के मुख्य आरोपी सेना के जवान ने अदालत में कहा है कि रंकज का इस केस से कोई लेना-देना नहीं है।
अब तक उनके मुवक्किल का कोई रोल भी सामने नहीं आया है। रंकज ने एमबीए कर रखी है और वह अपना बिजनेस करता है। वकील ने कहा कि आरोपियों ने इस केस में रंकज वर्मा की फोटो इस्तेमाल की है। जब उसको पता चला था कि उसकी फोटो इस्तेमाल की गई है तो उसने बाकायदा शिमला के डली पुलिस थाने में इसकी शिकायत भी दी थी लेकिन पुलिस ने उसे ही गिरफ्तार कर लिया था।
जवान के तीसरे मोबाइल का पता लगाएगी पुलिस
पुलिस ने अदालत में आरोपी जवान संजीव कुमार का रिमांड लेने के लिए एक तर्क यह भी रखा था कि आरोपी के दो मोबाइल फोन रिकवर हो गए हैं, जबकि उसके पास एक और मोबाइल फोन होने की बात सामने आ रही है। इसके बारे में भी उससे पूछताछ करनी है। साथ ही आरोपी सन्नी के वकील डीके शर्मा ने भी कहा कि अभी तक आरोपी का आपस में लिंक साफ नहीं हो पाया है। उन्होंने साफ कहा कि इस केस की जांच चल रही है।