लालड़ू। युवक सेवाएं क्लब लालड़ू को नगर कांउसिल से दशहरा मेले की अनुमति रन मिलने पर अकाली दल ने नगर काउंसिल दफ्तर गेट के आगे कांग्रेस पार्टी और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें अनुमति न दी गई तो वे मंगलवार सुबह को काउंसिल दफतर का घेराव करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर अकाली पार्टी से नगर काउंसिल लालड़ू के पूर्व प्रधान बूल्लू राणा, जिला परिषद के पूर्व उप चेयरमैन गुरविंदर सिंह गिंदू, मनजीत सिंह मलकपुर, पार्षद पवन कुमार, बलकार रंगी, अमर राणा, कुलदीप शर्मा, जगजीत सिंह, मनीष राणा, प्रेम कुमार सहित अन्य ने आरोप लगाते हुए बताया कि युवक सेवाएं क्लब लालड़ू की ओर से पिछले करीब 10 साल से लालड़ू में दशहरे मेले का आयोजन करते आ रहे हैं। लेकिन इस बार काउंसिल अधिकारी कांग्रेस पार्टी के हलका इंचार्ज डेराबस्सी की शह पर उन्हें दशहरा मेले के आयोजन की परमिशन न देकर लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। जबकि एसडीएम डेराबस्सी, दमकल विभाग व थाना लालड़ू की ओर से उन्हेें मेले का आयोजन करने की अनुमति मिल चुकी है। वहीं काउंसिल अधिकारी ईओ उन्हें अनुमति देने में आनाकानी करते हुए अपने कमरे का ताला लगाकर मौके से खिसक गए। इसपर यहां मौजूद अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट कर कांग्रेस पार्टी व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं, नगर काउंसिल प्रधान बिंदू राणा के पति मुकेश राणा ने कहा कि युवक सेवाएं क्लब जिस जगह की परमिशन मांग रहे हैं वो नगर काउंसिल लालड़ू के तहत नहीं आती वो जमीन आयुद्ध भंडार दप्पर की जगह है और यहां परमिशन नहीं दे सकते।