एयरपोर्ट रोड पर बने चौक की टूटी दीवार बन रही हादसों का कारण। -अमर उजाला
- फोटो : MOHALI
मोहाली। एयरपोर्ट रोड को गमाडा बड़े महानगरों की तर्ज पर विकसित कर रहा है। एयरपोर्ट के दोनों साइड जहां पैंतीस किस्म के पौधे और पॉम ट्री लोगों के स्वागत के लिए लगाए जा रहे हैं। जबकि एयरपोर्ट रोड पर स्थित राउंड अबाउट की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। राउंड अबाउट करीब तीन चार हिस्से टूटकर नीचे गिरे हुए हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। लेकिन इसको लेकर कोई गंभीर नहीं है। हालांकि जानकारों की मानें तो यह सबसे अहम रोड है। गमाडा को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
मिली जानकारी के मुताबिक गमाडा की तरफ से फेज-11 से लेकर एयरपोर्ट तक और पटियाला रोड पर छत चौक से एयरपोर्ट रोड तक के एरिया को संवारा जा रहा है। एयरपोर्ट रोड के दोनों तरफ आकर्षक पौधे लगाए जा रहे हैं। जो कि बाहर से आने वाले लोगों का दिल जीत लेते हैं। हालांकि लावारिस पशु और राउंड अबाउट की समस्या गंभीर है। जो कि इस एरिया की खूबसूरती पर ग्रहण लगा देते हैं।
इस संबंधी सोच सेवा समिति के प्रधान अतुल शर्मा का कहना है कि एयरपोर्ट रोड मोहाली की लाइफ लाइन है। वहीं, इससे अब शहर की खूबसूरती का आंकलन होता है। ऐसे में गमाडा को चाहिए कि बागबानी के काम के साथ ही अन्य खामियों को भी दूर करें।
सिंगापुर की तर्ज पर बसाया गया शहर
मिली जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट रोड और एयरोसिटी को पूरी तरह सिंगापुर की तर्ज पर बसाया गया है। एयरपोर्ट रोड पर गमाडा की तरफ से सारी सेवाएं भूमिगत डाली गए । वहीं, रोड के दोनों किनारे हरे भरे दिखाई देते है। इसके अलावा प्राइवेट डेवलपरों द्वारा अब उक्त एरिया में मार्केट बसाई जा रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट के पास वर्ल्ड ट्रेंड सेंटर व कई नामी यूनिवर्सिटी और कंपनियां आने वाली हैं। जिससे लोगों को रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
एयरपोर्ट रोड का विवादों से पुराना नाता
एयरपोर्ट रोड और विवादों का पुराना नाता है। इस रोड की विजिलेंस जांच हो चुकी है। इतना ही नहीं इस प्रोजेक्ट के समय एक उच्च अधिकारी पर केस तक उस समय दर्ज हुआ था। हालांकि एयरपोर्ट रोड हादसा ग्रस्त इलाके में आता है। यह रोड जीरकपुर से खरड़ तक जाता है। इस पर कई लोग जान तक गवां चुके हैं।