मोहाली। जिले में अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को सेहत सुविधाओं को लेकर आ रही मुश्किलों को लेकर अमर उजाला ने 12 जून से जिले में अभियान चलाया। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं प्रकाशित करके प्रशासन तक पहुंचाईं।
खबरें छपने के 15 दिन में ही प्रशासन ने लोगों की समस्या को जायज मानकर तीन के बजाय अब 13 मोहल्ला क्लीनिक खोलने को मंजूरी प्रदान कर दी। वीरवार को प्रशासन के आलाधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें सेहत विभाग से लेकर निर्माण विभाग के आलाधिकारी उपस्थित हुए। डीसी अमित तलवार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए मोहल्ला क्लीनिक के कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अमर उजाला द्वारा चलाए अभियान की सराहना करते कहा कि ऐसी चीजों से समाज में अच्छा संदेश जाता है।
स्वतंत्रता दिवस पर खोले जाएंगे मोहल्ला क्लीनिक
15 अगस्त को खोले जाने वाले मोहल्ला क्लीनिक को लेकर वीरवार डीसी के नेतृत्व में अलग-अलग विभाग के आलाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें जिले में खोले जाने वाले मोहल्ला क्लीनिक को लेकर होने वाले कार्यों का जायजा लिया। वहीं इन क्लीनिकों को शुरू करने के लिए बुनियादी ढांचे, साजो सामान, डॉक्टरों की तैनाती आदि का जानकारी हासिल की और साथ ही कहा कि अब तीन नहीं, बल्कि 13 मोहल्ला क्लीनिक जिले के अलग-अलग हिस्सों में खोले जाएंगे।
यहां खोले जाएंगे मोहल्ला क्लीनिक
सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि मोहल्ला क्लीनिक के लिए डाक्टरों की तैनाती, टेस्ट करवाने संबंधी सामान और दवाइयों की उपलब्धता को यकीनी बनाया गया है। 15 अगस्त तक इन क्लीनिकों के बुनियादी ढांचे, रिपेयर आदि का काम पूरा कर लिया जाएगा। वहीं इन 13 क्लीनिकों के लिए टेंडर अलॉट कर दिए गए हैं और जिले में खोले जा रहे 13 मोहल्ला क्लीनिकों में ब्लॉक डेराबस्सी में सैदपुर, मीरपुर, ब्लॉक ढकोली में पीरमुछल्ला, ब्लॉक बनूड़ में हुलका रोड, जेके पैलेस, वार्ड-12, ब्लॉक लालड़ू में वाल्मीकि धर्मशाला दप्पर, कम्युनिटी सेंटर, गांव डहर, धर्मशाला आंगनबाड़ी सेंटर लैहली, काली माता मंदिर लालड़ू, धर्मशाला प्रेम नगर लालड़ू, ब्लॉक घड़ूआं में वेटरनरी डिस्पेंसरी जंडपुर, कम्युनिटी सेंटर कांसल, नयागांव में गुरुद्वारा साहिब के पास, ब्लॉक खरड़ में छज्जूमाजरा बरियाली चौक, ब्लॉक मोहाली में फेज-5 सेवा केंद्र में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे।