विवाहिता को जबरन भगाने का आरोप, पति की शिकायत पर केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। गांव मटौर से एक विवाहिता को जबरन भगाने का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने विवाहिता के पति के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान गुरदेव सिंह निवासी मालेरकोटला के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित हरविंदर सिंह निवासी पटियाला ने पुलिस को शिकायत दी है कि इसी साल जनवरी में उसकी शादी नेहा निवासी संगरूर के साथ हुई थी। इसी महीने पांच तारीख को उसकी पत्नी को सेक्टर-71 स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी मिल गई थी। इस कारण वह गांव मटौर में एक पीजी लेकर रहने लगी थी। 18 मार्च, 2023 को उसने मां को फोन किया कि वह कल घर आएगी, लेकिन 19 मार्च, 2023 को वह घर नहीं पहुंची। इस पर उन्होंने मोहाली आकर नेहा के बारे में जांच पड़ताल की तो उसकी सहेलियों से पता चला कि गुरदीप सिंह उर्फ गुरी नाम का युवक उसे अपने साथ ले गया है। उसने उसे जबरदस्ती अपने साथ रखा हुआ है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।