इलाके में बीते 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक की मौत सड़क हादसे में हुई जबकि दूसरे की करंट लगने से हुई है। जानकारी के अनुसार रामगढ़ रोड पर दफ्फरपुर में शुक्रवार शाम मकान के लेंटर में पंचकूला सेक्टर-21 निवासी इलेक्ट्रीशियन करनैल सिंह (38) पुत्र ज्ञानचंद बिजली की तारें डाल रहा था।
इसी बीच अचानक करंट आने से करनैल को करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया और सीआरपीसी 174 के कार्रवाई कर शव वारिसों को सौंप दिया। इसके अलावा दूसरा हादसा चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर घग्गर पुल के नजदीक घटा। जहां एक कार की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त परमजीत सिंह (38) पुत्र भगत सिंह वासी लालड़ू के तौर पर हुई है। पुलिस को दिए बयान में उसके भाई जसपाल ने बताया कि वह और डेराबस्सी निवासी गुरचरण सिंह जीरकपुर से लौट रहे थे। उसका छोटा भाई परमजीत सिंह मोटरसाइकिल से जा रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे घग्गर पुल से पहले पीछे से आर रही मारुति कार ने उसे टक्कर मार दी। इस कारण वह नीचे गिर गया और गंभीर घायल हो गया।
घायलावस्था में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई ने पुलिस को कार का नंबर नोट कर दे दिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार नंबर के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों मामलों में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।