हरियाणा को पानी देने के विरोध में प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता। संवाद
मोहाली। पंजाब के हक का पानी हरियाणा को बीबीएमबी के माध्यम से दिए जाने के फैसले के विरोध में वीरवार को आप नेताओं ने फेज-7 में विरोध प्रदर्शन किया। जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर की अगुवाई में किए प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने केंद्र के खिलाफ नारेबाजी कर इस फैसले का विरोध किया।
आप नेताओं ने कहा कि केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारें पंजाब के खिलाफ एकजुट हो गई हैं। इसे किसी भी कीमत पर यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब भाजपा को इसके विरोध का सामना करना पड़ेगा। प्रभजोत कौर ने बताया कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ अन्याय कर रही है। पंजाब सरकार पानी की एक बूंद भी बर्बाद नहीं होने देगी। पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सन्नी सिंह आहलुवालिया कहा कि हरियाणा को अतिरिक्त पानी देना पंजाब के किसानों के लिए पूर्ण झटका होगा।
उन्होंने कहा कि जब जल संसाधन विभाग के सचिव कृष्ण कुमार 23 अप्रैल की बैठक में ही कह चुके हैं कि हमारे पास अतिरिक्त पानी नहीं है, तो केंद्र सरकार का ऐसा दबाव किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।इस मौके धरने में मार्केट कमेटी मोहाली के चेयरमैन गोविंद मित्तल ने भी धरने को संबोधित किया।