मोहाली। शहर की एक लड़की के साथ सगाई करवाकर चार साल तक उससे शादी न करवाने के मामले में एनआरआई थाने में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे एक युवक और चंडीगढ़ निवासी उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आरोपियों की पहचान आस्ट्रेलिया में रह रहे युवक दिपांशू धीमान और चंडीगढ़ में रह रही उसकी मां राजिंदर कौर और पिता प्रेम चंद के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मामले में एनआरआई थाने में दी गई शिकायत में पीड़ित लड़की ने बताया कि वह मोहाली की रहने वाली है। आरोपी युवक दीपांशू धीमान के साथ 4 फरवरी, 2018 को उसकी सगाई हुई थी, इस दौरान दीपांशू चंडीगढ़ में ही रहता था। उनकी सगाई के मौके पर उसके परिजनों ने उन्हें अच्छा सामान और गिफ्ट भी दिए थे। इसके बाद 7 फरवरी, 2018 को दीपांशू धीमान पढ़ाई करने के लिए ऑस्ट्रेलिया चला गया था। इसके बाद से अब तब चार साल हो गए हैं और वह उसको शादी करने का झांसा देता आ रहा है। लेकिन वह भारत वापस नहीं आ रहा है। जबकि आरोपी का परिवार उसको अपने रिश्तेदारों के होने वाले विभिन्न विवाह आदि कार्यक्रमों में लेकर जाता रहा है और लोगों से उसको अपनी बहू कहकर मिलवाता रहा है।
इसके बाद नवंबर, 2021 को अचानक लड़की को आस्ट्रेलिया से एक सिमरनजीत कौर नाम की युवती का फोन आया। उस युवती ने फोन पर बताया कि दीपांशू धीमान उसका प्रेमी है और वह दोनों ऑस्ट्रेलिया में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। इसके साथ उस युवती ने कहा कि वह और दीपांशू आपस में शादी करने जा रहे हैं और इस बारे में दीपांशू की आस्ट्रेलिया में रह रही बहन और उसके परिजनों को भी सब कुछ पता है।
पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया कि पिछले चार साल से आरोपी दीपांशू के परिजन उसको अपनी बहू बताकर लोगों से मिलाते रहे हैं। इससे अब उसको बड़ी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मामले की पूरी पड़ताल की और आरोपी एनआरआई दीपांशू धीमान और चंडीगढ़ निवासी उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है।