मोहाली। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। चौबीस घंटे में 974 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि 399 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए। यह एक दिन में संक्रमित होने वाले लोगों की कोरोना काल की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों मरीजों की संख्या 4363 पहुंच गई है, जो ट्राइसिटी में सबसे अधिक है।
डीसी ईशा कालिया ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करें, तभी महामारी को मात दी जा सकती है। वहीं, उन्होंने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को हिदायत दी है कि जो लोग कोरोना नियमों का पालन न कर खुद व अन्य लोगों का जीवन खतरे में डाल रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाए।
जानकारी कोरोना संक्रमण अब जिले के तीनों सब डिवीजन के शहर से लेकर गांवों तक पहुंच गया है। हालांकि मोहाली सिटी, ढकौली और खरड़ में संक्रमण के सबसे अधिक केस आ रहे हैं। जानकारों की माने तो इसके पीछे की वजह यह भी है कि यहां पर ज्यादातर अपार्टमेंट है या फिर लोग किराए पर रहते हैं। घनी आबादी वाले एरिया हैं। इसके अलावा लोग अपनी सेहत को लेकर भी गंभीर हैं और वे समय से टेस्ट करवा रहे हैं। बुधवार को ढकोली-254, डेराबस्सी-16, लालड़ू-16, बूथगढ़-23, घड़ूआं-44, खरड़-177, कुराली-5, मोहाली-394 और बनूड़-45 केस सामने आए हैं। कई एरिया हॉट स्पॉट बन गए हैं। इतना नहीं नहीं, इसके चलते जिला प्रशासन ने गैर-जरूरी दुुुकानों का समय रात आठ बजे तक कर दिया है। बता दें कि मोहाली में अब तक कोरोना के 74065 केस सामने आ चुुके हैं। इनमें से 68624 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं 1078 लोगों की मौत हुई है।