डेराबस्सी। शहर के सरकारी कॉलेज में कोरोना नियमों का पालना करते हुए साधारण तरीके से सब डिविजन स्तर का 73वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य मेहमान एसडीएम डेराबस्सी स्वाती टिवाना ने पुलिस जवानों की सलामी लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की। इस दौरान सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए केवल एक ही स्कूल के स्टाफ ने शिरकत कर राष्ट्रीयगान गाया। इस मौके पर आग में से चार व्यक्तियों की जिंदगी बचाने वाले प्रदीप कुमार फायर स्टेशन अफसर लालड़ू जो कि राष्ट्रपति अवॉर्ड से सम्मानित किए जा चुके हैं उनको प्रशासन की ओर से विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सरकारी अस्पताल की एसएमओ डॉ. संगीता जैन और डीएसपी डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह को कोरोना महामारी के दौरान फ्रंट लाइन पर तनदेही के साथ ड्यूटी निभाने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर नगर काउंसिल अधिकारी, तहसीलदार और डेराबस्सी थाना प्रभारी कुलबीर सिंह और अन्य मौजूद थे।
इसके अलावा नगर काउंसिल कार्यालय में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान नगर काउंसिल के प्रधान रणजीत सिंह रैडी की ओर से राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की गई और लड्डू बांटे गए। इस अवसर पर नगर काउंसिल प्रधान रैडी ने शहरवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए शहर का विकास करने की बात दोहराई।