जीरकपुर। छत लाइट प्वाइंट से एरोसिटी को जाने वाली सड़क पर दोपहर डेढ़ बजे एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को एक लुटेरे ने पिस्तौल दिखाकर एक्टिवा छीन ली। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता जसलीन कौर ने बताया कि वह एरोसिटी के आई ब्लॉक में रहती है। वह दोपहर करीब डेढ़ बजे एक्टिवा पर करियाने की दुकान से सामान लेकर लौट रही थी तो एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने उसे रुकने का इशारा किया। जब वह व्यक्ति के पास रुकी तो उसने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की तो वह पीछे हट गई और मोबाइल बचा लिया। इसके बाद लुटेरे ने अपने हाथ में पकड़े बैग से पिस्तौल निकाली और बोला कि अगर शोर मचाया तो गोली मार देगा। इसके बाद वह पीछे हट गई और व्यक्ति उसकी एक्टिवा लेकर फरार हो गया। इसके बाद उसने मामले की सूचना मां को दी। उन्होंने कंट्रोल रूम पर फोन कर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामले के संबंध में एसएचओ दीपिन्दर सिंह बराड़ ने बताया कि पीड़ित किशोरी मूल रूप से पटियाला जिले के गांव गुरना खेड़ी की रहने वाली है और 9वीं की छात्रा है। रविवार दोपहर वह दुकान से सामान लेकर घर आ रही थी तो एरोसिटी रोड पर आई ब्लॉक के लाइट प्वाइंट के नजदीक सड़क किनारे एक करीब 50 साल का व्यक्ति एक्टिवा साइड में लगाकर पेड़ के नीचे खड़ा था। उसने उसे रुकने का इशारा किया। उसके रुकते ही उसने पहले उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब पीड़िता ने उससे बचाव करते हुए मोबाइल अपनी जेब में डाला तो व्यक्ति ने उसे धमकी देते हुए उसे पिस्तौल निकाल कर दिखाया और उसकी एक्टिवा छीनकर फरार हो गया। हालंकि यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह पिस्तौल असली था या नकली। यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
पेट्रोल खत्म होने पर चोरी की एक्टिवा छोड़ किशोरी की लेकर आरोपी फरार
एसएचओ बराड़ ने बताया कि लुटेरा अपनी एक्टिवा वहीं छोड़ गया है, जिसमें पेट्रोल खत्म हो गया था। जांच में सामने आया कि वह एक्टिवा भी चोरी की है। उस पर खरड़ का जाली नंबर लगा हुआ था। पुलिस को एक्टिवा की डिग्गी से कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। जांच में यह बात भी सामने आई है कि यह एक्टिवा अमृतसर से चोरी हुई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और जल्द ही लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।