मोहाली। जिले में अचानक बढ़े कोरोना के मरीजों के कारण सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़ गई है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को डीसी डॉ. ईशा कालिया ने जिले के सभी बड़े निजी अस्पतालों के नोडल अफसरों से आपात बैठक की। साथ ही सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि 15 फीसदी बेड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए आरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि कोरोना का नया स्वरूप जाहिर तौर पर पहले की तरह उतना खतरनाक नहीं है, लेकिन हमारी तैयारियां पूरी होनी चाहिए।
जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में आयोजित बैठक में डीसी ने सभी एल-3 सुविधा वाले अस्पतालों को अपने यहां बेडों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल में आपात समय में दवाईयों का स्टॉक पूरा रखने, ऑक्सीजन की उपलब्धता को भी यकीनी बनाने के निर्देेश दिए हैं। जिले के समूह अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक कोविड मरीज की जानकारी कोवा एप पर अपलोड की जाए, जिससे प्रशासन को पूरी जानकारी आसानी से मिलती रहे। इस बैठक में एडीसी हिमांशु अग्रवाल, एसीए गमाडा दमनजीत सिंह मान और सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर समेत कई लोग मौजूद थे। बता दें कि मोहाली में कोरोना संक्रमण काफी बढ़ गया है। जिले में सक्रिय मरजों की संख्या 312 पर पहुंच गई है।
मरीजों से अधिक पैसे वसूले तो होगी कार्रवाई
इस बैठक में डीसी डॉ. ईशा कालिया ने कहा कि कोविड मरीजों से फीस वसूली संबंधी दिशा निर्देश पहले से ही जारी किए गए हैं, और यह पहले की तरह ही जारी रहेंगे। किसी भी कोविड मरीज से सरकार की हिदायतों से ज्यादा फीस वसूलने की स्थिति में शिकायत मिलने पर अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। डीसी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों में विश्वास न करें। लोगों को किसी भी तरह से डरने की कोई जरूरत नहीं है। प्रशासन की ओर से कोविड से निपटने के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं।