जीरकपुर। 12 घंटे की लगातार मूसलाधार बारिश के चलते जीरकपुर में जलभराव हो गया और फ्लाईओवर के नीचे लोगों को घंटों सुबह और शाम ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
बुधवार की अल सुबह तक हालात ऐसे बन गए कि जीरकपुर, ढकोली, वीआईपी रोड सहित एक दर्जन सोसाइटियों में तीन फीट तक पानी भर गया। इसके चलते नौकरी पेशा व स्कूली बच्चों को सोसाइटियों और सड़कों पर जलभराव के कारण परेशानी हुई। वजह है, ड्रेनेज सिस्टम व निकासी का पुख्ता प्रबंध न होना।
दरअसल, जीरकपुर में नगर परिषद को बने पंद्रह वर्ष से अधिक हो गए हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने निकासी के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं किए है। हाल यह है कि मामूली बरसात होने पर अधिकारियों के हाथ पांव फूलने लगते हैं।
इन जगहों पर भरा बरसाती पानी
बलटाना, पभात रोड, पटियाला चौक, लोहगढ़ से वीआईपी रोड को जाने वाले मार्ग, वीआईपी रोड का रेल विहार, सावित्री ग्रीन की बेसमेंट, निर्मल छाया गेट के पास, पीरमुछल्ला ढकोली चौक, ढकोली के सुषमा स्क्वेयर, न्यू जेनरेशन अपार्टमेंट गोल्डन सैंड के गेट पास, स्पैंगल कंडोज।
क्यों भरता है बरसाती पानी
दो दशक पहले यहां पानी निकासी के लिए नाला बना गया था, लेकिन 2007 से 2017 के दौरान प्रापर्टी बाजार में आई तेजी के बाद कॉलोनाइजरों ने सस्ते दामों में जमीनें खरीदीं और कॉलोनियां काटकर तैयार कर दीं। इस दौरान नालों को कवर कर शोरूम बना दिए गए। इससे बारिश के दिनों में पानी निकासी ठप हो गई। यही हाल सेक्टर-19 से सटे एरिया बलटाना का है। इसके अधीन आने वाली करीब आधा दर्जन कॉलोनियों के लोगों को बरसाती पानी की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।