प्रेमी के साथ पत्नी के फरार होने से आहत पति ने खुद पर पेट्रोल का तेल उड़ेल कर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी हालत में पीजीआई उसे चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां चार अक्टूबर को उसकी मौत हो गई है। थाना टिब्बा पुलिस ने पत्नी सहित पांच आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
टिब्बा रोड के कंपनी बाग की गली नंबर 1 निवासी परवीन कांता ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 2013 में उसके बेटे गुरदीप सिंह की शादी प्रीति रानी के साथ हुई थी। जिसके बाद दोनों के दो बेटे हुए। मगर इसी बीच प्रीति रानी के विक्रम से प्रेम संबंध बन गए। वह उसके साथ भाग गई। बाद में उसके लौटने पर मानसा में हुई पंचायत में उसने फिर से न भागने की तौबा की।
उसमें उसके माता-पिता ने भी उसकी गवाही दी। मगर वहां से घर लौटने के बाद वो फिर से उसी के साथ भाग गई। जिसके बाद गुरदीप बेहद परेशान रहने लगा। 30 सितंबर को उसने खुद पर तेल उड़ेलकर आग लगा ली। 4 अक्टूबर को उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद परिवार को बेड के नीचे पड़ा सुसाइड नोट मिला।
जिसमें कंपनी बाग निवासी प्रीति रानी (पत्नी), मानसा के बिजली ग्रिड साइड गली नंबर 5 निवासी रामदेव वारव (ससुर), सोमा देवी (सास), कंपनी बाग की गली नंबर 1 निवासी विक्रम कुमार (प्रीति का प्रेमी) तथा चंद्रपाल (विक्रम का पिता) को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। थाना टिब्बा पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।