संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। चंडीगढ़ रोड के सेक्टर 32 इलाके में नौजवानों की ओर से सड़क के साइड पर खड़े हो इंजेक्शन लगाने का मामला अभी शांत नहीं हुआ कि महानगर के मोती नगर इलाके से एक नया वीडियो सामने आया है।
इसमें नौजवान नशा करते हुए दिखाई दे रहे है। यह वीडियो किसी ओर ने नहीं बल्कि भाजपा से जुड़े एक नेता ने जारी किया है। लगातार वीडियो वायरल होने के बाद से ही पुलिस प्रशासन सकते में है। इसके बाद पुलिस भी अब जांच में जुट गई है कि उक्त नशा करने वाले नौजवान कौन है और नशा कहां से खरीद करते हैं।
मोती नगर की फौजी कॉलोनी से एक नया वीडियो सामने आया है। भाजपा नेता राजवीर सिंह ने एक युवक का नशा करते हुए वीडियो बनाकर स्टिंग ऑपरेशन किया। फौजी कॉलोनी मोती नगर थाने के अंतर्गत आता है। पता चला है कि बड़ी संख्या में नशा कारोबारियों ने इस इलाके को चिट्टे का अड्डा बना रखा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक नस में नशे का इंजेक्शन लगा रहा है और एक युवक उसे रोक भी रहा है।
बता दें कि एक सप्ताह पहले शेरपुर की आर्मी कॉलोनी में नशा तस्करों ने डिलीवरी बॉय उमर अंसारी से मोबाइल और नकदी छीन ली थी और उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया था। इसके बाद उक्त वीडियो वायरल हुई और आशंका जताई जा रही है कि लूट की वारदात करने वाले नौजवान लूट की वारदातों से संबंधित हो सकते है। थाना मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह ने बताया कि वीडियों के बारे में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।