लुधियाना। प्रॉपर्टी कारोबारी पूर्ण चंद कैंथ को गैंगस्टर के नाम पर फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह रंगदारी आरोपियों ने कांग्रेसी नेता के नजदीकी के कहने पर मांगी थी। आरोपियों ने राहगीर से फोन लूटने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने चोरी के आरोप में पहले हैबोवाल जस्सियां रोड स्थित रविंदर कुमार उर्फ सोनू और गांव बल्लीपुर निवासी सन्नी कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद कांग्रेसी नेता के नजदीकी जवाहर नगर कैंप निवासी शाम लाल उर्फ मोटन के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रापर्टी कारोबारी पूर्ण चंद कैंथ को एक फोन आया। आरोपियों ने गैंगस्टर के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद शिकायत पुलिस के पास की गई। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि जिस नंबर से फोन आया था वह किसी प्रवासी का था और उससे बाइक सवार दो युवकों ने लूट लिया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया। सोनू और सन्नी को फोन लूटने के मामले में गिरफ्तार किया तो उन्होंने बताया कि व्यापारी को फोन उन्होंने मोटन के कहने पर किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मोटन को भी गिरफ्तार कर लिया।
रोज कारोबारी के पास उठता-बैठता था मोटन
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी मोटन को पता था कि पूर्ण चंद के पास कितने पैसे हैं। वह रोज कारोबारी के पास उठता-बैठता था। आरोपियों के साथ मोटन ने संपर्क किया और सारी योजना बनाई। मोटन ने पहले उन्हें फोन लूटने के लिए कहा और उसके बाद पूर्ण चंद कैंथ को कॉल करवाई।
परिवार को खत्म करने की दी थी धमकी
आरोपियों ने प्रॉपर्टी कारोबारी पूर्ण चंद को डराने के लिए उसकी कार के पास आग लगाई थी। इसके बाद फोन कर धमकी दी कि अगर रुपये नहीं दिए तो उसके परवार को खत्म कर दिया जाएगा।