लुधियाना के मॉडल टाऊन इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग और उनके पोते पोती को टक्कर मार दी। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चे बुरी तरह से घायल हैं। पीछे से बच्चों के पिता वहां से गुजर रहे थे तो उन्होंने किसी तरह से सभी को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद थाना माडल टाऊन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार चालक वहां से फरार हो गया था।
जांच के बाद थाना माडल टाऊन की पुलिस ने गांव फुल्लावाल स्थित इंद्रा नगर निवासी तरसेम सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। उधर, अस्पताल में उपचाराधीन तरसेम सिंह के पोते अभयजोत सिंह और आसीसजीत कौर की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में तरसेम सिंह के बेटे अमरजोत सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: Chandigarh: जज की हत्यारी महिला डॉक्टर को हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, समय पूर्व रिहाई की मांग पर होगा विचार
अमरजोत ने पुलिस को बताया कि वह पिता, पत्नी और बच्चों के साथ अपने दोस्त गुरविंदर सिंह निवासी गुरु नानक खालसा कॉलेज मॉडल टाउन को मिलने गया था। रात करीब 9 बजे वह खाना खाकर अपने घर वापस जा रहे थे। उनके बच्चे पिता तरसेम सिंह के साथ सड़क पार कर रहे थे। इतने में तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी आंखों के सामने पिता को कुचल दिया और बच्चों को भी टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद आरोपी वहां से फरार होने में कामयाब हो गया।
हादसे में उसके बेटे अभयजोत सिंह और बेटी असीसजीत कौर को गंभीर चोटें आईं। तीनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल कृष्णा में दाखिल करवाया गया। वहां से पिता को डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनकी मौत हो गई। थाना मॉडल टाउन के जांच अधिकारी सीता राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सीसीटीवी के आधार पर गाड़ी को ट्रेस किया जा रहा है। अभी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी का पता लगाना शुरु कर दिया है।